रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। फार्मासिस्ट भर्ती में सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने भर्ती में विभाग के रिक्त पदों की संख्या को देखते हुए सीटें बढ़ाने की मांग रखी, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सके।
अभ्यर्थियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के कई पद खाली हैं। ऐसे में भर्ती की सीटों में बढ़ोतरी की जाए, जिससे रिक्त पदों को भरा जा सके और योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी का मौका मिल सके।

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अभ्यर्थियों को बताया कि इस मामले में डीजी हेल्थ और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन से पहले ही चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांग पर हरसंभव रास्ता तलाश रही है। कानूनी तौर पर जो भी विकल्प संभव होगा, उसके तहत अभ्यर्थियों की मदद की जाएगी।

मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएगी मांग
डिप्टी सीएम ने अभ्यर्थियों से उनकी मांगों के चार-पांच प्रमुख बिंदु तैयार करने को कहा। उन्होंने बताया कि इन बिंदुओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। साथ ही, इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से बुधवार को ही दोबारा बातचीत करने का आश्वासन दिया।
मांगों के प्रमुख बिंदु तैयार करने के निर्देश
मुलाकात के दौरान डिप्टी सीएम ने सरकारी कर्मचारी शैलेंद्र श्रीवास्तव को बुलाकर अभ्यर्थियों की मांगों के प्रमुख बिंदु तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष किन मुद्दों को रखा जाना है, इसे स्पष्ट रूप से तैयार किया जाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार अभ्यर्थियों की मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
