Homeउत्तर प्रदेश69000 शिक्षक भर्ती के 6800 अभ्यर्थियों का आंदोलन 29 अगस्त से

69000 शिक्षक भर्ती के 6800 अभ्यर्थियों का आंदोलन 29 अगस्त से

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

69000 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगतियों से प्रभावित 6800 अभ्यर्थियों ने न्याय और नियुक्ति की मांग को लेकर 29 अगस्त 2026 से आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। अभ्यर्थी लखनऊ स्थित SCERT में जुटकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती में आरक्षण नियमों के कथित गलत अनुपालन के चलते बड़ी संख्या में पात्र और मेरिटोरियस अभ्यर्थी चयन एवं नियुक्ति से वंचित रह गए। उनके मुताबिक, लगातार संघर्ष और विभिन्न स्तरों पर आपत्तियां उठाए जाने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने 5 जनवरी 2022 को 6800 अभ्यर्थियों की सूची जारी की थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका आंदोलन किसी अन्य अभ्यर्थी के अधिकार को प्रभावित करने के लिए नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकार और न्यायपूर्ण चयन की मांग को लेकर है।

नियुक्ति और मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 5 जनवरी 2022 को जारी 6800 अभ्यर्थियों की सूची में शामिल पात्र अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्त पदों पर उनकी मेरिट के आधार पर नियुक्ति दी जाए।

इसके अलावा अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने प्रतिनिधिमंडल की तत्काल मुलाकात कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के सामने पूरे प्रकरण, 6800 अभ्यर्थियों की सूची और लंबित नियुक्तियों से जुड़ी समस्याओं को तथ्यात्मक रूप से रखना चाहता है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चलेगा। उन्होंने सरकार से मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की अपील की है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग स्पष्ट है— 6800 अभ्यर्थियों को न्याय और नियुक्ति दी जाए तथा मुख्यमंत्री प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर समाधान का रास्ता निकालें।

RELATED ARTICLES

Most Popular