Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या : अस्पतालों की नालियों में मिले खतरनाक सुपरबग, 91.6% बैक्टीरिया MDR

अयोध्या : अस्पतालों की नालियों में मिले खतरनाक सुपरबग, 91.6% बैक्टीरिया MDR

न्यूज़ डेस्क, अयोध्या

अयोध्या। अस्पतालों से निकलने वाला दूषित पानी अब पर्यावरण के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। अवध विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एक रिसर्च में शहर के नौ अस्पतालों की नालियों से लिए गए पानी के नमूनों में बड़ी संख्या में एंटीबायोटिक रेजिस्टेंट बैक्टीरिया मिले हैं। जांच में करीब 91.6 फीसदी बैक्टीरिया मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट (MDR) पाए गए।

रिसर्च के दौरान अस्पतालों की नालियों से लिए गए नमूनों में कुल 179 प्रकार के बैक्टीरिया की पहचान हुई। इनमें 31 बैक्टीरिया एक्सटेंसिवली ड्रग रेजिस्टेंट (XDR) श्रेणी के पाए गए। इसका मतलब है कि इन पर कई प्रमुख एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं हो रहा था।

रिसर्च में तीन बैक्टीरिया ऐसे भी मिले जिन्हें पैन-ड्रग रेजिस्टेंट (PDR) पाया गया। इनमें ई-कोलाई, शिगेला और प्रोटियस के एक-एक बैक्टीरिया शामिल हैं। PDR बैक्टीरिया पर उपलब्ध कई प्रमुख एंटीबायोटिक दवाओं का असर बेहद सीमित या नहीं के बराबर होता है।

नौ अस्पतालों की नालियों से लिए गए नमूने

रिसर्च के लिए दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज की दो अलग-अलग जगहों के अलावा जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल, चिरंजीवी हॉस्पिटल, किशन हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल, श्रीराम हॉस्पिटल और लेप्रोसी मिशन हॉस्पिटल की नालियों से पानी के नमूने लिए गए।

नमूनों में अलग-अलग बैक्टीरिया पर एंटीबायोटिक दवाओं के प्रभाव की भी जांच की गई। इसमें स्यूडोमोनास के सभी 13 नमूने दवा-प्रतिरोधी पाए गए। वहीं क्लेबसिएला के 96.87 फीसदी और ई-कोलाई के 95.23 फीसदी नमूने MDR मिले।

कई एंटीबायोटिक के खिलाफ मिला प्रतिरोध

जांच में पेनिसिलिन, एरिथ्रोमाइसिन और क्लिंडामाइसिन के खिलाफ बैक्टीरिया में सबसे अधिक प्रतिरोध दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक अस्पतालों से निकलने वाले ऐसे अपशिष्ट जल में मौजूद दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया पर्यावरण में फैलने के साथ संक्रमण के इलाज को भी मुश्किल बना सकते हैं।

रिसर्च के निष्कर्ष अस्पतालों के अपशिष्ट जल के उचित उपचार और निगरानी की आवश्यकता की ओर इशारा करते हैं, ताकि एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस के बढ़ते खतरे को नियंत्रित किया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular