रिपोर्ट – अमित शुक्ला
कोतवाली औरैया, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने बकरियों की लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन बकरियां, दो देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की ऑरा कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ अमन पुत्र संतोष कुमार निवासी अनुरुद्धापुर, थाना कुदरकोट, जनपद औरैया, उम्र करीब 25 वर्ष तथा अमित पुत्र सुखबीर सिंह निवासी ग्राम नगला खगी, थाना अछल्दा, जनपद औरैया, उम्र करीब 18 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को अयाना थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की पुलिया संख्या 239 के पास बकरियां चरा रहे प्रदीप कुमार की छह बकरियां आरोपी कार में लादकर जालौन की ओर फरार हो गए थे। इसके अगले दिन 20 अगस्त को कोतवाली औरैया क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 243 के पास भगीरथ से तमंचे के बल पर तीन बकरियां लूटकर आरोपी फरार हुए थे।

घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। 21 अगस्त को नरोत्तमपुर बाईपास नहर पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को चोरी की गई छह बकरियों को उन्होंने इटावा के एक व्यक्ति को बेच दिया था, जबकि 20 अगस्त को लूटी गई बकरियों को बेचने के लिए कन्नौज ले जाने की तैयारी थी।
गिरफ्तारी के दौरान भागने के प्रयास में आरोपी सोनू उर्फ अमन के पैर में चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने कोतवाली औरैया में दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की हपुलिस के अनुसार सोनू उर्फ अमन के खिलाफ थाना अछल्दा में वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज है। दूसरे आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में कोतवाली औरैया प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, प्रभारी सर्विलांस/एसओजी समित चौधरी, उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह, मो. शकील खान और जाकिर हुसैन सहित पुलिस टीम शामिल रही।

