Homeउत्तर प्रदेशआईआईएम मॉडल से मजबूत होंगे ग्रामीण महिलाओं के उद्यम

आईआईएम मॉडल से मजबूत होंगे ग्रामीण महिलाओं के उद्यम

रिपोर्ट – गोविंद कश्यप 

योगी सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके छोटे उद्यमों को बड़े व्यवसाय में बदलने की दिशा में नई पहल करने जा रही है।

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (UPSRLM) के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद इस सेंटर के शुभारंभ का रास्ता साफ हो गया है।

इस इन्क्यूबेशन सेंटर को आईआईएम लखनऊ का तकनीकी सहयोग मिलेगा। इसके जरिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को कारोबार शुरू करने से लेकर उसे मजबूत करने और बाजार तक पहुंच बनाने में विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा।

 बिजनेस प्लान से ब्रांडिंग तक मिलेगी मदद

इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से महिला उद्यमियों को बिजनेस प्लान तैयार करने, उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बाजार संपर्क, व्यवसाय विस्तार और मेंटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

संभावनाशील उद्यमों को विशेषज्ञों, वित्तीय संस्थानों और बाजार के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे छोटे कारोबार को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण से आगे बढ़कर कारोबार पर फोकस

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि इन्क्यूबेशन सेंटर का उद्देश्य महिलाओं को सिर्फ प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके वास्तविक व्यवसाय की जरूरतों के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक सहयोग उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अब केवल आजीविका गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने उद्यम स्थापित कर रही हैं। ऐसे में आईआईएम लखनऊ की विशेषज्ञता के जरिए उन्हें अपने कारोबार को व्यवस्थित, प्रतिस्पर्धी और विस्तार योग्य बनाने का अवसर मिलेगा।

इस पहल से ग्रामीण महिला उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनकी आय बढ़ाने और आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular