रिपोर्ट – अमित शुक्ला
सावन के आखिरी सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार को एरवाकटरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचे। ग्वालियर, भिंड, जालौन समेत कई जिलों से आए कांवड़िए फर्रुखाबाद के सिंगीरामपुर से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए एरवाकटरा मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
कांवड़ियों के जत्थों की आवाजाही से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। इस दौरान हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से क्षेत्र गूंजता रहा। कांवड़ियों में सावन के अंतिम सोमवार को शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए एरवाकटरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विमल कुमार समेत पुलिसकर्मियों ने मार्ग पर निगरानी रखी। पुलिस टीम ने कांवड़ियों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी संभाली।
कांवड़िए सोमवार को अपने-अपने गंतव्य पर पहुंचकर विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे। सावन के आखिरी सोमवार को लेकर क्षेत्र में शिवभक्तों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

