रिपोर्ट – गोविंद कश्यप
लखनऊ, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले के रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 879 करोड़ रुपये से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री सपेरा समुदाय समेत अन्य आवासविहीन 60 से अधिक परिवारों को आवासीय पट्टे भी वितरित करेंगे।

मुख्यमंत्री 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में भी शामिल होंगे। इस दौरान वह उनकी स्मृति में 21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सभागार का लोकार्पण करेंगे।
624 करोड़ की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण
सीएम योगी 624 करोड़ रुपये से अधिक की 185 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं करीब 277 करोड़ रुपये की लागत वाली 162 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं से तीन विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पुलिस और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है
प्रमुख परियोजनाओं में 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला महराजगंज-इन्हौना मार्ग का सुदृढ़ीकरण और 24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा कुंदनगंज और पश्चिमगांव-टेरा-अघौरा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का काम भी पूरा होने के बाद जनता को समर्पित किया जाएगा।
मॉडल कंपोजिट स्कूलों का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री शिवगढ़ विकासखंड के ओसाह और बेला-भेला में करीब 24-24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों का शिलान्यास करेंगे। हरचंदपुर में खीरों-पाहो संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से 4.10 मीटर स्पान आरसीसी बॉक्स पुलिया के निर्माण की आधारशिला भी रखी जाएगी।
60 से अधिक आवासविहीन परिवारों को पट्टे
मुख्यमंत्री सपेरा समुदाय और अन्य आवासविहीन 60 से अधिक परिवारों को आवासीय पट्टे आवंटित करेंगे।
इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में 19 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और आवास की चाबी समेत अन्य सुविधाओं का भी वितरण किया जाएगा।
राना बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती पर कार्यक्रम
सीएम योगी अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती के अवसर पर आयोजित भाव समर्पण समारोह में शामिल होंगे। वह उनकी स्मृति में निर्मित सभागार का लोकार्पण करने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित करेंगे।
इस दौरान अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।
