रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात दी है। अब महिलाएं 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने रविवार को रक्षाबंधन की तैयारियों को लेकर परिवहन निगम, नगर विकास, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान महिलाओं और अन्य यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रक्षाबंधन 28 अगस्त को है। 26 अगस्त को अवकाश होने के कारण लंबी दूरी और अंतरजनपदीय यात्राओं में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए अतिरिक्त बसों के संचालन की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में 25 अगस्त तक बस, टैक्सी और ऑटो-टेम्पो यूनियनों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है। निर्धारित किराए से अधिक वसूली, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कराने तथा केवल सत्यापित और सक्षम चालकों से वाहन संचालित कराने को कहा गया है।
त्योहार के दौरान मथुरा-वृंदावन, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल-मिर्जापुर और गोरखपुर समेत प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और शहरों के प्रवेश-निकास मार्गों पर भीड़ को देखते हुए पहले से कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बस स्टेशनों पर सीसीटीवी, पेयजल, साफ-सफाई और फर्स्ट एड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नशे में वाहन चलाने तथा मालवाहक वाहनों और ट्रैक्टरों में यात्रियों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ भी सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर का अधिकतम उपयोग हो और राहत एवं बचाव केंद्रों, ट्रॉमा केयर तथा एंबुलेंस सेवाओं तक तत्काल पहुंच सुनिश्चित की जाए।
