Homeउत्तर प्रदेशसहारा इंडिया के 6 अधिकारियों पर FIR, कर्मचारियों का PF जमा न...

सहारा इंडिया के 6 अधिकारियों पर FIR, कर्मचारियों का PF जमा न करने का आरोप

लखनऊ में कर्मचारियों के वेतन से भविष्य निधि (PF) की रकम काटने के बावजूद उसे संबंधित खातों में जमा नहीं करने के आरोप में सहारा इंडिया के छह अधिकारियों के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

कर्मचारियों की शिकायत और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से नोटिस दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने के बाद मामला अदालत तक पहुंचा। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

वेतन से PF कटा, खातों में जमा नहीं हुआ

EPFO के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल खान के मुताबिक सहारा इंडिया के कर्मचारियों अनुराग मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव और कलानिधि मिश्रा ने शिकायत की थी कि उनके वेतन से नियमित रूप से PF अंशदान काटा गया, लेकिन यह रकम संबंधित PF खातों में जमा नहीं की गई।

जांच के दौरान कर्मचारियों की ओर से उपलब्ध कराए गए फार्म-16, लेजर और वेतन खातों के बैंक स्टेटमेंट की जांच की गई। दस्तावेजों से वेतन से PF की रकम काटे जाने की पुष्टि हुई, लेकिन संबंधित खातों में अंशदान जमा होने का रिकॉर्ड नहीं मिला। बाद में अन्य कर्मचारियों ने भी इसी तरह की शिकायतें कीं।

EPFO के नोटिस का भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब

मामले में EPFO ने कंपनी प्रबंधन से 7 फरवरी और 11 मार्च 2026 को स्पष्टीकरण मांगा था। आरोप है कि नोटिस के बावजूद PF की रकम जमा नहीं की गई और प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया गया।

EPFO अधिकारी के अनुसार 9 दिसंबर 2025 को अलीगंज थाने में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 18 मार्च 2026 को पुलिस कमिश्नर को रजिस्टर्ड डाक के जरिए शिकायत भेजी गई।

कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई FIR

पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद EPFO ने अदालत का रुख किया। अदालत के आदेश पर अलीगंज थाने में सहारा इंडिया के छह अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन के पार्टनर ओम प्रकाश श्रीवास्तव, जिया कादरी और जाय ब्रोतो राय तथा निदेशक करुणेश अवस्थी, अनिल कुमार पांडेय और राणा जिया को मामले में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित दस्तावेजों और PF अंशदान की स्थिति की जांच कर रही है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular