Homeउत्तर प्रदेशबदायूं के सीकरी गांव में पुलिस पर पथराव, एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त

बदायूं के सीकरी गांव में पुलिस पर पथराव, एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त

रिपोर्ट: अजयपाल यादव

बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में मंगलवार को अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ गया। प्रतिमा हटाने पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। पथराव में करीब एक दर्जन पुलिस वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

बताया जा रहा है कि गांव में अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद चल रहा था। अधिकारियों की समझाइश के बाद गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा प्रतिमा स्थापित करने के लिए जमीन दान में देने की बात पर सहमति बनी थी। प्रशासन ने ग्रामीणों से कहा कि अनुमति मिलने के बाद दान की गई जमीन पर प्रतिमा स्थापित की जा सकती है।

हालांकि, अधिकारियों के प्रतिमा हटाने के लिए कहने पर ग्रामीण तैयार नहीं हुए। पुलिस ने प्रतिमा हटाने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया।

आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस के कब्जे से हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया। इसके बाद दोबारा पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular