*रिपोर्ट: अंकित पांडेय
हमीरपुर। जिला अस्पताल हमीरपुर से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है। चिकित्सा अधिकारी कक्ष (1) के रेस्ट रूम में दो बाहरी युवकों के द्वारा सरकारी कुर्सी पर पैर फैलाकर नशा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक डॉक्टर की कुर्सी पर पैर फैलाकर बैठा है और हाथ में सिगरेट लिए हुए है। जमीन पर एक बियर/शराब का लाल कैन भी पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि कमरे में एक अन्य युवक भी बेड पर लेटा हुआ था।
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति द्वारा जब युवक से पूछा गया कि “आप कौन हैं? आपको यहां सिगरेट पीने की परमिशन किसने दी? क्या यहां दारू भी पी जाती है?” तो युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और खुद को बाहरी व्यक्ति बताता रहा।
दीवार पर लगा था NO SMOKING बोर्ड
हैरानी की बात यह है कि जिस वार्ड और कमरे के बाहर “NO SMOKING” का बड़ा बोर्ड लगा है, उसी के अंदर डॉक्टर के कक्ष में खुलेआम सिगरेट और शराब का सेवन किया जा रहा था। वार्ड में उस समय कई मरीज स्ट्रेचर और बेंच पर लेटे हुए थे।
डॉक्टर ने झाड़ा पल्ला
जब इस बारे में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि “यह मेरे संज्ञान में नहीं है, मैं अभी 8 बजे ड्यूटी पर आया हूं। मैं उस व्यक्ति को नहीं पहचानता, वह अस्पताल का कर्मी नहीं है।”
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर बाहरी लोग डॉक्टर के रेस्ट रूम में कैसे पहुंच गए और वहां बैठकर नशेबाजी कैसे कर रहे हैं।
फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है। लोगों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
