रिपोर्ट: रामजी व्यास
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कालपी पुलिस ने चार कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 कुंतल 27 किलो गांजा, 5 हजार रुपये नकद और दो ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की हैं।
उड़ीसा से गांजा खरीदकर कई जिलों में करते थे सप्लाई
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक जालौन **ईशान सोनी** ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी कथित तौर पर अवैध गांजा तस्करी के कारोबार में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आपस में पैसा इकट्ठा कर उड़ीसा से गांजा खरीदते थे।
इसके बाद गांजे की सप्लाई **झांसी, जालौन, कानपुर देहात और कानपुर नगर** में की जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने गठित की थी टीम
एएसपी ईशान सोनी के मुताबिक, पुलिस को पिछले कई दिनों से गांजा तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक **विनय कुमार सिंह** के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
इसी क्रम में कालपी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में गांजा, नकदी और दो स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारीकी जा रही है।
