Homeउत्तर प्रदेशदारुलशफा के बाहर टावर पर चढ़ा युवक, पेट्रोल की 2 बोतलें मिलीं;...

दारुलशफा के बाहर टावर पर चढ़ा युवक, पेट्रोल की 2 बोतलें मिलीं; बोला- मारपीट के बाद मुझ पर ही मुकदमा

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। हजरतगंज क्षेत्र स्थित दारुलशफा के बाहर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 30 वर्षीय युवक टावर पर चढ़ गया। युवक के हाथ में पेट्रोल की दो बोतलें थीं। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

फायर फाइटर्स ने हाइड्रोलिक मशीन की मदद से टावर पर पहुंचकर युवक से बातचीत की। युवक ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज करा दिए गए। उसने कहा, “मुझसे मारपीट की गई और मुझ पर ही मुकदमा करा दिया गया। कहीं न्याय नहीं मिल रहा है। अब केवल मौत ही इसका चारा है।”

युवक 2 बोतलों में पेट्रोल लेकर भी टावर पर पहुंचा था।

फायर फाइटर्स ने युवक को उसकी शिकायतों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह टावर से नीचे आने के लिए तैयार हुआ और हाइड्रोलिक मशीन तक पहुंचा। नीचे उतारने के बाद तलाशी में उसके पास से करीब दो लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। बताया गया कि वह दो बोतलों में पेट्रोल लेकर टावर पर चढ़ा था।

अयोध्या का रहने वाला है युवक

युवक ने अपनी पहचान अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के रामपुर जनक गांव निवासी अंकुर सिंह के रूप में बताई। उसके पिता का नाम रामकरन सिंह है। अंकुर के मुताबिक, 28 मई को उसके साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए।

फायर फाइटर्स ने युवक को समझाया। युवक ने शिकायतों की सॉफ्ट कॉपी अपने फोन में दिखाई।

अंकुर ने आरोप लगाया कि उसने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसका दावा है कि उससे पांच हजार रुपये लेकर उसके खिलाफ मुकदमे लिखे गए। उसने अपने मोबाइल फोन में शिकायत से संबंधित पत्रों की सॉफ्ट कॉपी भी पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों को दिखाई।

युवक का आरोप था कि जब उसे जान से मारने की धमकी दी गई तो उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इन्हीं शिकायतों पर कार्रवाई की मांग को लेकर वह लखनऊ पहुंचा था।

फायर ब्रिगेड ने सकुशल उतारा

फायर फाइटर्स ने युवक को समझाया कि अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कानूनी और प्रशासनिक माध्यम मौजूद हैं। काफी देर की बातचीत के बाद युवक टावर से नीचे आया। उसे सकुशल उतारने में फायरमैन संजय, फायरमैन चंद्रेश यादव और चालक झब्बूराम की भूमिका रही। मामले में पुलिस युवक की शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।+99,

RELATED ARTICLES

Most Popular