Homeउत्तर प्रदेशकौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 5 की मौत; कई घायल,...

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 5 की मौत; कई घायल, मलबे में तब्दील हुई फैक्ट्री

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार में स्थित फैक्ट्री में करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। इसके बाद लगातार जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनी गई।

कुछ ही देर में फैक्ट्री से धुएं का गुबार उठने लगा और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। आसपास के 5 से 7 घरों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।

5 लोगों की मौत, कई मजदूर घायल

हादसे के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 25 कर्मचारी वहां काम कर रहे थे। विस्फोट में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। अब तक 5 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। एयरफोर्स की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रही हैं। सीओ शिवांग सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

आसपास के घरों को भी नुकसान

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में स्थित कई घरों को नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद लगी आग को बुझाने और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

नोट: मृतकों और मलबे में फंसे लोगों की संख्या को लेकर शुरुआती सूचनाओं में अंतर है। आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular