न्यूज़ डेस्क, लखनऊ
राजधानी लखनऊ को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस पोर्ट मिलने जा रहा है। गोमतीनगर के विभूति खंड में बन रहा यह बस पोर्ट निर्माण के अंतिम चरण में है। इसे दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू करने की तैयारी है।
प्रदेश में सार्वजनिक-निजी सहभागिता यानी PPP मॉडल के तहत 23 आधुनिक बस स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। इसके लिए डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट एंड ट्रांसफर यानी DBFOT मॉडल अपनाया गया है। पहले चरण में लखनऊ के विभूति खंड गोमतीनगर, चारबाग और अमौसी बस स्टेशन को चुना गया है।
आलमबाग टर्मिनल से भी बड़ा होगा नया बस पोर्ट
लखनऊ का आलमबाग बस टर्मिनल अब तक यात्री सुविधाओं के मामले में राजधानी का प्रमुख बस टर्मिनल माना जाता रहा है। हालांकि, विभूति खंड में तैयार हो रहा नया बस पोर्ट आकार और सुविधाओं के मामले में इससे आगे होगा।
आलमबाग टर्मिनल करीब 23,274 वर्ग मीटर में बना है, जबकि विभूति खंड का बस पोर्ट करीब 30 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है।
70 प्लेटफॉर्म और 29 हजार वर्ग मीटर की कार्यशाला
नए बस पोर्ट में बसों के संचालन के लिए 70 प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए करीब 29 हजार वर्ग मीटर में क्षेत्रीय डिपो कार्यशाला भी विकसित की जा रही है।
डीजल नहीं, इलेक्ट्रिक बसों का होगा हब
विभूति खंड बस पोर्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां से डीजल बसों के बजाय इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसे प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के प्रमुख हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसी योजना के तहत परिवहन निगम ने 250 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद प्रक्रिया भी शुरू की है। इन बसों का संचालन नए बस पोर्ट से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए किया जाएगा।
एसी लाउंज से डिजिटल टिकटिंग तक सुविधाएं
बस पोर्ट में यात्रियों के लिए बड़ा एसी वेटिंग लाउंज बनाया जा रहा है। यात्रियों को बसों के रियल टाइम शेड्यूल की जानकारी देने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएगी। इसके अलावा ऑटोमैटिक टिकटिंग सिस्टम भी होगा।
बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और आधुनिक सुरक्षा चौकी होगी।
शॉपिंग, फूड कोर्ट और मनोरंजन की भी सुविधा
नए बस पोर्ट को केवल परिवहन केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि एक आधुनिक कमर्शियल हब के तौर पर भी विकसित किया जा रहा है। परिसर में ब्रांडेड शोरूम, रिटेल स्टोर, पीवीआर और फूड कोर्ट की सुविधा होगी।
इसके अलावा यात्रियों और बिजनेस क्लास के लिए फाइव स्टार होटल और स्टूडियो अपार्टमेंट भी प्रस्तावित हैं। कॉरपोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक ऑफिस स्पेस भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पार्किंग से मेडिकल सुविधा तक इंतजाम
परिसर में पर्याप्त पार्किंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन, वर्टिकल गार्डन, ग्रीन जोन और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा, फार्मेसी, बैंक एटीएम, क्लॉक रूम, डॉर्मेट्री, दुकानें, हॉस्टल और पुलिस बूथ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभुनाथ सिंह के अनुसार, गोमतीनगर विभूति खंड का मॉडल बस स्टेशन इसी साल शुरू किया जाएगा। दिसंबर के पहले सप्ताह में इसके शुभारंभ की तैयारी है।
