रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा में खेरागढ़ पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी शातिर नकबजन ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कागारौल थाने में नकबजनी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर पहले 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, लेकिन लगातार फरार रहने और गिरफ्तारी न होने के बाद पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, चोरी की लाइसेंसी राइफल, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मामले में पुलिस आरोपी के फरार साथियों बब्लू और अनिरुद्ध की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती नकबजनी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
