HomeUncategorizedरक्षाबंधन से लौट रही मां-बेटी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, दबंगों...

रक्षाबंधन से लौट रही मां-बेटी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, दबंगों ने परिवार को पीटा

रिपोर्ट : ममता भारद्वाज, आगरा

आगरा। आगरा में दबंगों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस का भी खौफ नजर नहीं आ रहा है। शाहगंज थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन का पर्व मनाकर लौट रही मां-बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर दबंगों ने परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की।

घटना आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित सराय ख्वाजा चौकी के राधे बाली गली की बताई जा रही है। आरोप है कि रक्षाबंधन का पर्व मनाकर मां-बेटी अपने परिवार के साथ लौट रही थीं। इसी दौरान कुछ दबंगों ने उनके साथ छेड़छाड़ की। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के दौरान हुई मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आमजन की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते दबंगों के हौसले बढ़े हुए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसे लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

Most Popular