Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में साइबर ठगी का खुलासा, 48 ब्लैंक सिम और मोबाइल के...

हमीरपुर में साइबर ठगी का खुलासा, 48 ब्लैंक सिम और मोबाइल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय 

*हमीरपुर।* साइबर ठगी पर लगाम लगाते हुए हमीरपुर साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 48 ब्लैंक सिम कार्ड, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद हुए हैं।

सिटी फॉरेस्ट के पास से धर दबोचा:

पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने 21 और 25 अगस्त को दर्ज साइबर ठगी के मामलों की जांच के दौरान कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली नगर क्षेत्र में सिटी फॉरेस्ट के पास निर्माणाधीन पुल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमेरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भौरा डांडा निवासी 22 वर्षीय दीपक कुमार और जालौन के कालपी थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुरा निवासी 26 वर्षीय विक्रांत सिंह के रूप में हुई है।

KYC के नाम पर करते थे खेल:

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक कुमार पीओएस एजेंट का काम करता था, जबकि विक्रांत सिंह माइक्रो फाइनेंस कंपनी में फील्ड ऑफिसर था। दोनों मिलकर लोगों को KYC कराने के नाम पर उनके जरूरी दस्तावेज और व्यक्तिगत जानकारी ले लेते थे। इसके बाद उसी जानकारी का इस्तेमाल कर उनके खातों से रकम निकाल लेते थे।

बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद 48 सिम कार्ड से कितने लोगों के साथ ठगी की गई है और इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़ा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular