Homeराजनीतिभारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 7.8% रही GDP...

भारत की अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 7.8% रही GDP ग्रोथ; PM मोदी ने दी देशवासियों को बधाई

न्यूज़ डेस्क, दिल्ली

नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार जारी है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2026 के बीच देश की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में विकास दर 6.9 प्रतिशत रही थी। ऐसे में इस बार GDP ग्रोथ में 0.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

आर्थिक विकास के इस आंकड़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। उन्होंने इसके लिए देशवासियों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ को श्रेय देते हुए बधाई दी।

PM मोदी की देशवासियों से खास अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने आर्थिक विकास की रफ्तार को बनाए रखने के लिए लोगों से आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देशवासियों को जरूरत के मुताबिक ही विदेश यात्रा करनी चाहिए और अनावश्यक रूप से सोना खरीदने से भी बचना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि जितना ज्यादा देश स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतनी ही भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर भारत संकट के समय भी प्रगति कर रहा है, जबकि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने और झूठ के जरिए लोगों को भ्रमित करने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत ने इन चुनौतियों को पार करते हुए 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। अब जरूरत इस विकास की गति को बनाए रखने की है।

‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर

पीएम मोदी ने देशवासियों से ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील की। उन्होंने विदेशों में शादियां करने से बचने और जरूरत न होने पर सोना नहीं खरीदने की भी बात कही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाना देश की प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। उन्होंने लोगों से देश की प्रगति के लिए पूरी ताकत से योगदान देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular