न्यूज डेस्क बिहार
बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड के सभी मनोनीत और सरकारी सदस्यों का मनोनयन भी समाप्त कर दिया गया है।
सरकार का कहना है कि केंद्र सरकार की ओर से 30 मार्च 2026 को अधिसूचित ‘द ट्रांसजेंडर पर्सन्स (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स) अमेंडमेंट एक्ट, 2026’ के नए प्रावधानों के अनुरूप बोर्ड का पुनर्गठन जरूरी हो गया है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नए कानूनी प्रावधानों के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के विभिन्न वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए मौजूदा बोर्ड को भंग कर नए सिरे से गठन का निर्णय लिया गया है।
2025 में हुआ था बोर्ड का पुनर्गठन
बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड का पिछला पुनर्गठन 7 अगस्त 2025 को किया गया था। इसे तीन साल के कार्यकाल के लिए गठित किया गया था। बोर्ड की अध्यक्ष समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्वेता गुप्ता थीं। इसके अलावा राजन सिंह, अनुप्रिया सिंह, शांति नायक उर्फ सुरेश हिजड़ा, संतोष कुमार, अद्विका चौधरी और साजन कुमार सदस्य थे।
अब नए आदेश के बाद बोर्ड के सभी पदेन और मनोनीत सदस्यों की सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गई है। सरकार जल्द ही नए प्रावधानों के तहत बोर्ड के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा पर रहेगा फोकस
पुनर्गठित बोर्ड में ट्रांसजेंडर समुदाय के अलग-अलग वर्गों और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। नए बोर्ड के जरिए समुदाय से जुड़े शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दों पर काम किए जाने की उम्मीद है।
पूर्व उपाध्यक्ष राजन सिंह भी रहे चर्चा में
बोर्ड के भंग होने के बीच इसके पूर्व उपाध्यक्ष राजन सिंह से जुड़े कुछ विवाद भी चर्चा में हैं। राजन सिंह ने जुलाई 2026 में पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने करीब पांच एकड़ जमीन पर मंदिर निर्माण और प्रधानमंत्री की स्वर्ण प्रतिमा स्थापित करने की बात कही थी।
इसके अलावा दिल्ली में ‘मोदी चालीसा’ पाठ को लेकर भी उनका नाम चर्चा में रहा। हालांकि, बिहार सरकार की ओर से जारी बोर्ड भंग करने की अधिसूचना में इन घटनाक्रमों का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। सरकारी आदेश में बोर्ड को भंग करने की वजह नए केंद्रीय कानून के अनुरूप पुनर्गठन बताई गई है।
