Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश की सहारनपुर रैली रद्द होने पर राजभर का तंज, बोले- हिम्मत...

अखिलेश की सहारनपुर रैली रद्द होने पर राजभर का तंज, बोले- हिम्मत है तो सभा करके दिखाइए

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की सहारनपुर में प्रस्तावित जनसभा रद्द होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उन पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर वह सहारनपुर जाकर जनसभा करने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पा रहे हैं।

राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत भजन की पंक्ति ‘उठ जाग मुसाफिर भोर भई, अब रैन कहां जो तू सोवत है’ से की। इसके बाद उन्होंने लिखा, ‘अखिलेश भाई, यह भजन आपके लिए है। जग जाइए, आंख खोल लीजिए।’

‘चवन्नी’ को लेकर अखिलेश पर हमला

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सहारनपुर में सभा करने की चुनौती देते हुए कहा कि आखिर वहां जाने में हिचकिचाहट क्यों है। उन्होंने तंज कसते हुए दावा किया कि ‘चवन्नी’ के चक्कर में 36 बिरादरी अखिलेश यादव के खिलाफ खड़ी हो गई है।

राजभर ने सपा नेताओं की कथित बयानबाजी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी को ‘चवन्नी’, किसी को ‘नीच’, किसी को ‘वेश्या’ और किसी को ‘चोर’ कहने जैसी भाषा से आखिर क्या हासिल होता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही अखिलेश यादव का PDA है और गैर-यादव पिछड़ी जातियों को अपमानित करने से सपा को कौन सा राजनीतिक लाभ मिलता है।

‘लठैतों का दौर 2017 में खत्म हो गया’

राजभर ने अखिलेश यादव के राजनीतिक तौर-तरीकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अब भी यह भ्रम है कि लाठी के दम पर सरकार बनाई जा सकती है तो यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए। राजभर ने कहा कि ‘लठैतों का दौर 2017 में चला गया।’ उन्होंने दावा किया कि यह दौर 2027 में भी वापस नहीं आएगा।

दादरी की सभा का भी किया जिक्र

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव की दादरी सभा पर भी तंज कसा। उन्होंने इसे ‘फ्लॉप सभा’ बताते हुए कहा कि इसके बाद अखिलेश यादव दूसरी बड़ी जनसभा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। राजभर ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘चवन्नी’ का असर दिखना शुरू हो गया है और आने वाले समय में इसका प्रभाव पूर्वांचल समेत पूरे प्रदेश में दिखाई देगा।

दरअसल, अखिलेश यादव की 26 अगस्त को सहारनपुर में जनसभा प्रस्तावित थी और सपा की ओर से इसका कार्यक्रम भी जारी किया गया था। बाद में अखिलेश यादव ने जनसभा का कार्यक्रम रद्द कर सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसी को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन पर निशाना साधा।

RELATED ARTICLES

Most Popular