Homeउत्तर प्रदेशघर में सो रहे नवविवाहित युवक की जहरीले कीड़े के काटने से...

घर में सो रहे नवविवाहित युवक की जहरीले कीड़े के काटने से मौत

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

एरवा कटरा। थाना क्षेत्र के हरचंदापुर गांव में बुधवार तड़के जहरीले कीड़े के काटने से 19 वर्षीय नवविवाहित युवक की मौत हो गई। युवक ईंटों के चट्टे पर गद्दा बिछाकर पत्नी के साथ सो रहा था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। गुरुवार देर शाम शव को गांव में दफना दिया गया।

हरचंदापुर निवासी सर्वेश राठौर के 19 वर्षीय पुत्र अर्पित राठौर उर्फ पूरन का विवाह पिछले माह तीन जुलाई को औरैया के नसीराबाद गांव निवासी मधु के साथ हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार मकान क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार शाम अर्पित पत्नी के साथ बरामदे में सो गया था।

बुधवार सुबह करीब चार बजे अर्पित के हाथ के पंजे में अचानक तेज दर्द हुआ। नींद खुलने पर उसने अंगुली पर दो दांत जैसे निशान देखे। घबराए अर्पित की पत्नी मधु ने परिजनों को जगाकर घटना की जानकारी दी। परिजन उसे उपचार के लिए सीएचसी बिधूना ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सैफई रेफर कर दिया।

परिजनों के मुताबिक सैफई में उपचार के दौरान गुरुवार दोपहर अर्पित की हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए ले जा रहे थे, तभी करीब दो बजे उसकी मौत हो गई। शाम को शव गांव लाया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और देर शाम शव को दफना दिया।

अर्पित की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान गोरेलाल, पूर्व प्रधान ओंकार सिंह यादव, राजू यादव, समाजसेवी शीलू यादव, कैलाश कांत राठौर, लाखन सिंह राठौर, कैलाश, सुभाषचंद्र और सुरेंद्र सिंह समेत ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular