Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: चंद्रावल नदी का रौद्र रूप, सड़क पर 3 फीट पानी, बीच...

हमीरपुर: चंद्रावल नदी का रौद्र रूप, सड़क पर 3 फीट पानी, बीच रास्ते में फंसी गाड़ियां

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय 

मौदहा, हमीरपुर।* हमीरपुर में चंद्रावल नदी के उफान पर आने से हालात बिगड़ गए हैं। मौदहा-कुरारा क्षेत्र के गुर्दाहा-सिसोलर मार्ग का जो वीडियो सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि पूरी सड़क नदी में तब्दील हो गई है और दोनों तरफ खेत समंदर बन गए हैं।

वीडियो में 2 से 3 फीट तक पानी में एक सफेद बोलेरो और कई बाइकें फंसी हुई हैं। ग्रामीण घुटनों तक पानी में खड़े होकर बाइक को धक्का देकर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सड़क का पता ही नहीं चल रहा है कि सड़क कहां है और खेत कहां हैं। आसमान में काले बादल छाए हैं और पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा है।

बताया जा रहा है कि मौदहा बांध से 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने और कबरई बांध के डिस्चार्ज के बाद चंद्रावल नदी उफान पर है। इसका पानी मदारपुर, मांछा, परछा, सिजनौड़ा, नारायच, गुर्दाहा और सिसोलर समेत दो दर्जन से अधिक गांवों की सीमा तक पहुंच गया है।

संपर्क मार्ग डूबने से ग्रामीणों का तहसील और जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मदद और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular