रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। भाई-बहन के इस त्योहार पर बहनों को अपने मायके और भाइयों के घर जाने के लिए बस किराए की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
सरकार के निर्देश पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक महिलाएं उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
वहीं, 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को रोडवेज बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का भी फैसला किया गया है। इसके लिए बुजुर्ग महिलाओं को यात्रा के दौरान अपना आधार कार्ड साथ रखना होगा।
हमीरपुर क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक राहत देने के साथ उनके सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन को बढ़ावा देना है। रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा और बुजुर्ग महिलाओं के लिए आजीवन सफर की सुविधा को सरकार की बड़ी पहल माना जा रहा है।
