रिपोर्ट- अमित शुक्ला
औरैया। रक्षाबंधन के पर्व पर भाई-बहन के अटूट प्रेम की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। बिधूना क्षेत्र में एलआईयू प्रभारी के पद पर तैनात पुलिसकर्मी दीप चंद्र यादव अपनी बीमार बड़ी बहन राधा से मिलने आगरा के अस्पताल पहुंचे। जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही राधा ने भाई की कलाई पर राखी बांधने की इच्छा जताई, जिसे दीप चंद्र ने पूरा किया।
आईसीयू में भर्ती राधा की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। बीमारी और कमजोरी के बावजूद उन्होंने कांपते हाथों से छोटे भाई की कलाई पर राखी बांधी। बहन से राखी बंधवाते समय दीप चंद्र की आंखों से आंसू छलक पड़े। अस्पताल में मौजूद लोग भी भाई-बहन के इस भावुक पल को देखकर भावुक हो गए।
रक्षाबंधन का यह पल राधा के लिए बेहद खास रहा। गंभीर बीमारी के बीच भाई की कलाई पर राखी बांधने की उनकी इच्छा पूरी हुई। इस मार्मिक पल की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

तस्वीर में बहन के चेहरे पर राखी बांधने की खुशी और भाई की आंखों में छलकते आंसू भाई-बहन के अटूट रिश्ते की गहराई बयां कर रहे हैं। रिश्तों की डोर और जिंदगी की जंग के बीच रक्षाबंधन का यह दृश्य हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
