रिपोर्ट- अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुनीत मिश्रा ने थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम और पुलिस फोर्स के साथ कस्बे के प्रमुख बाजारों व मार्गों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस टीम ने सर्राफा बाजार, उमरैन बाजार समेत कस्बे के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान बाजार में आने-जाने वाले लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति भी देखी।
रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सीओ पुनीत मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पैदल भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी के तहत बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस की पैदल गश्त का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।
