रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह 30 अगस्त को लखनऊ पहुंचेंगे। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उनकी मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक होगी। बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी की आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने प्रदेश मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा होगी। चौधरी जयंत सिंह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संगठन की आगामी राजनीतिक दिशा और रणनीति को लेकर संदेश देंगे।
ब्राह्मण और सवर्ण समाज के कई चेहरे RLD में होंगे शामिल
अनुपम मिश्रा ने दावा किया कि राष्ट्रीय लोकदल समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने का अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के बीच भी पार्टी की विचारधारा और चौधरी चरण सिंह के सामाजिक न्याय, किसान हित एवं सर्वसमावेशी राजनीति को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।
उन्होंने बताया कि 30 अगस्त के कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सवर्ण समाज के कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक चेहरे अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।
पूर्वांचल से बुंदेलखंड तक विस्तार का दावा
मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम में पूर्वांचल समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल, मध्यांचल और बुंदेलखंड में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। विभिन्न जिलों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचेंगे। उनके मुताबिक जयंत सिंह की मौजूदगी वाला यह कार्यक्रम संगठन को नई दिशा देने के साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
युवाओं और Gen-Z पर फोकस
अनुपम मिश्रा ने कहा कि जयंत सिंह की युवाओं और Gen-Z को लेकर सोच पार्टी के संगठनात्मक बदलावों में भी नजर आ रही है। पार्टी नई पीढ़ी को राजनीति में आगे बढ़ाने और युवाओं को संगठन में जिम्मेदारियां देने पर जोर दे रही है। हाल के संगठनात्मक बदलावों को भी उन्होंने इसी सोच का हिस्सा बताया।
उन्होंने कहा कि RLD में पद केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और जवाबदेही से जुड़ा है। इसी क्रम में हाल में क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक के दौरान उनकी लिखित परीक्षा भी कराई गई।
2027 के लिए RLD की तैयारी तेज
अनुपम मिश्रा ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से तैयारी कर रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ता सम्मेलन और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को और गति दी जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत और निर्णायक भूमिका निभाएगा।
