Homeउत्तर प्रदेशकमरे में मिली 27 वर्षीय महिला की लाश, पति फरार; परिजनों ने...

कमरे में मिली 27 वर्षीय महिला की लाश, पति फरार; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

रिपोर्ट – दीपक जौहरी 

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास में सोमवार सुबह 27 वर्षीय शिवानी उर्फ सुधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में बिस्तर पर मिला। परिजनों ने पति यश ठाकुर पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से यश फरार बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच शिवानी और यश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच यश ने शिवानी की छोटी बहन मुस्कान से अपना बैग और सामान मांगा। सामान लेने के बाद उसने कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और वहां से चला गया।

 

सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने बाथरूम जाने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। उसने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। करीब 9 बजे शिवानी का भाई अनिकेत घर पहुंचा। उसने कमरे की कुंडी खोलकर अंदर देखा तो शिवानी बिस्तर पर पड़ी थी। आवाज देने के बावजूद उसके नहीं उठने पर परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

अनिकेत के मुताबिक, शिवानी के हाथ अकड़े हुए थे और उसके मुंह से खून निकल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही शिवानी और यश के बीच विवाद रहता था। आरोप है कि यश अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से शिवानी पिछले दो-तीन महीने से झांसी में मायके पक्ष के लोगों के साथ रह रही थी। परिजनों के अनुसार, दोनों की करीब डेढ़ से दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी, जिसके बाद उन्होंने प्रेम विवाह किया था। दोनों के कोई बच्चे नहीं थे।

बताया गया कि 26 अगस्त को यश शिवानी को ग्वालियर ले गया था, जहां उसने राखी बांधी थी। इसके बाद 28 अगस्त को दोनों झांसी लौटे थे। शिवानी मूल रूप से इंदरगढ़ क्षेत्र के राजा का बाप गांव की रहने वाली थी, जबकि यश ग्वालियर का निवासी बताया गया है।

सूचना पर सीओ सिटी रामवीर सिंह और सीपरी बाजार थाना पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार पति यश ठाकुर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular