Homeउत्तर प्रदेशसावन की विदाई पर बुद्धेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार, पंचमेवा से सजा...

सावन की विदाई पर बुद्धेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार, पंचमेवा से सजा बाबा का दरबार

रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। सावन मास के समापन पर राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक और पौराणिक तीर्थस्थल श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर, मोहन रोड में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सावन की विदाई के अवसर पर ‘श्री बुद्धेश्वर महादेव श्रृंगार समूह’ की ओर से बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

पंचमेवा से सजा बाबा बुद्धेश्वर का दरबार

सावन विदाई श्रृंगार के अवसर पर भगवान शिव का विशेष पंचमेवा श्रृंगार किया गया। काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश और मखाने समेत विभिन्न प्रकार के सूखे मेवों और सुगंधित फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया।

बाबा बुद्धेश्वर के इस मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

पंचामृत से हुआ महारुद्राभिषेक

मुख्य पुजारी रामू पुरी महाराज के सानिध्य में बाबा बुद्धेश्वर का विधिवत महारुद्राभिषेक कराया गया। इस दौरान दूध, गंगाजल, शहद और पंचामृत सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान शिव का अभिषेक किया गया।

मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

शंखनाद और डमरू की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल

महारुद्राभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। शंखनाद, डमरू वादन और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

महाआरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा बुद्धेश्वर से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। सावन की विदाई पर हुए इस विशेष आयोजन ने मंदिर परिसर को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

श्रद्धालुओं के लिए बाबा बुद्धेश्वर का पंचमेवा श्रृंगार और महाआरती सावन के समापन का एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular