लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार को तेज बारिश के बीच 3284 जूनियर असिस्टेंट पदों पर भर्ती की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास पहुंचे। बारिश में भीगते हुए अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में देरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द रिजल्ट जारी करने के साथ टाइपिंग परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि PET-2023 के आधार पर होने वाली 3284 पदों की भर्ती लंबे समय से लंबित है। देरी के चलते हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में है। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सुना।

डिप्टी सीएम ने भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का आश्वासन दिया। साथ ही अभ्यर्थियों की आयोग के अध्यक्ष से फोन पर बातचीत भी कराई। हालांकि अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि रिजल्ट और टाइपिंग परीक्षा की तारीख चाहिए।
अभ्यर्थियों ने सरकार से चुनाव से पहले भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने की मांग भी की। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।

