लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब सोशल मीडिया को अपने प्रचार अभियान का अहम हथियार बनाने की तैयारी में है। पार्टी कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं के असर से जुड़ी छोटी-छोटी वीडियो रील तैयार कराई जाएंगी। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली रील को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकते हैं।
बीजेपी ने प्रदेश के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों को रील तैयार करने का लक्ष्य दिया है। योजना के तहत हर शक्ति केंद्र से कम से कम 10 रील बनवाने की तैयारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के साथ कंटेंट तैयार करने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
25 हजार लाभार्थी कहानियां होंगी शॉर्टलिस्ट
यह अभियान बीजेपी के प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। इसका उद्देश्य डिजिटल पहुंच बढ़ाने के साथ युवा और जेन-जी वर्ग को पार्टी से जोड़ना है।
कार्यकर्ता स्थानीय स्तर पर सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संपर्क कर उनकी छोटी वीडियो रिकॉर्ड करेंगे। करीब 60 सेकंड की रील में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, योजना और उससे हुए बदलाव की जानकारी शामिल की जाएगी।
इन रील को सोशल मीडिया पर अपलोड करने के बाद जिला स्तर पर उनकी निगरानी और छंटाई की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य करीब 25 हजार प्रभावी लाभार्थी कहानियों को शॉर्टलिस्ट करना है, जिन्हें आगे बड़े स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।
17 सितंबर से शुरू हो सकता है अभियान
बीजेपी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से किए जाने की तैयारी है। अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में रील बनाना भी अनिवार्य किया जा सकता है। पूरे महीने चलने वाले कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं को वीडियो कंटेंट तैयार करने के लिए सक्रिय किया जाएगा।
2027 चुनाव से पहले डिजिटल रिहर्सल
बीजेपी की इस रणनीति को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले डिजिटल चुनावी रिहर्सल के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी रील के जरिए स्थानीय स्तर पर सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित करने के साथ यह भी समझने की कोशिश करेगी कि अलग-अलग क्षेत्रों में कौन-से मुद्दे और किस तरह का कंटेंट लोगों के बीच ज्यादा प्रभावी है।
इसके लिए राज्य और जिला स्तर पर डिजिटल डाटा बैंक तैयार करने की योजना है। इसमें सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों, स्थानीय विकास कार्यों और प्रभावी वीडियो कंटेंट का रिकॉर्ड रखा जाएगा।
युवा और जेन-जी पर खास फोकस
बीजेपी की डिजिटल रणनीति में युवा और जेन-जी को खास तौर पर जोड़ने पर जोर है। पार्टी का मानना है कि छोटे वीडियो और सोशल मीडिया रील इस वर्ग तक तेजी से पहुंचने का प्रभावी माध्यम हैं।
ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी शक्ति केंद्र स्तर तक अपनी डिजिटल पहुंच मजबूत करने की तैयारी में है। कार्यकर्ता स्थानीय कहानियों पर रील तैयार करेंगे, संगठन उनकी छंटाई करेगा और चुनिंदा कंटेंट को बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचारित किया जाएगा।
