रिपोर्ट- अमित शुक्ला
उमरैन। ऐरवा कटरा विकासखंड के उमरैन कस्बे में सुतयानी रोड स्थित मार्केट के पास लंबे समय से गंदगी का अंबार लगा है। जगह-जगह कूड़ा जमा होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई व्यवस्था बदहाल होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक, मार्केट के पास जमा कूड़े के बीच सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है। वहीं, उसके पास ही वाटर कूलर भी स्थापित है। गंदगी के कारण लोगों को हैंडपंप तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। वाटर कूलर के आसपास भी कचरा फैला होने के चलते लोग वहां से पानी लेने में हिचक रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उमरैन निवासी अनिल तिवारी बुखार और सांस लेने में परेशानी के चलते फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। हालांकि, उनकी तबीयत खराब होने का कारण गंदगी ही है, इसकी चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है।
दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी
मार्केट के पास सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा जमा होने से दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था खराब होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं गया।
उमरैन निवासी धीरज गुप्ता, राजीव गुप्ता, धीरेंद्र त्रिपाठी, अनिल तिवारी, वाहिद खां और संजीव दुबे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
BDO ने जल्द सफाई कराने का दिया भरोसा
मामले में ऐरवा कटरा के खंड विकास अधिकारी रविशंकर गिरी ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिली है और जल्द ही गंदगी की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने मार्केट के आसपास पड़ी सरकारी जमीन को चिन्हित कर वहां सुलभ शौचालय बनवाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को खुले में शौच की समस्या से राहत मिलेगी और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
