Homeउत्तर प्रदेशजन्माष्टमी पर ब्रज को 1051 करोड़ की सौगात देंगे सीएम योगी, 229...

जन्माष्टमी पर ब्रज को 1051 करोड़ की सौगात देंगे सीएम योगी, 229 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 3 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचेंगे। इस दौरान वे करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं, करीब 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं से मथुरा-वृंदावन के बुनियादी ढांचे, सुविधाओं और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे।

श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का करेंगे लोकार्पण

तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को दोपहर में राजकीय हेलीकॉप्टर से वृंदावन स्थित पवनहंस हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे गीता शोध संस्थान जाएंगे। यहां मुख्यमंत्री नवनिर्मित और अत्याधुनिक श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। इस प्रेक्षागृह में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही वृक्षारोपण, संतों से मुलाकात और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रमाण पत्र वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद वे उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों और विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।

‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का करेंगे अवलोकन

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री वृंदावन स्थित होटल विवान्ता में ‘आज तक’ न्यूज चैनल के ‘पंचायत आज तक’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे वृंदावन में विकसित किए गए ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और अवलोकन करेंगे।

दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां परिसर स्थित अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर करेंगे गो पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 सितंबर की सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले गो पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।

धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री मथुरा से प्रस्थान करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular