रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
सरीला (हमीरपुर)। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देश पर तहसील सभागार सरीला में उपजिलाधिकारी श्री विकास यादव की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), खंड विकास अधिकारी मुस्करा तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपजिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्तमान जेंडर रेशियो मानक के अनुरूप नहीं है, जिसे लक्ष्य के अनुरूप 860 से अधिक किए जाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। इसके लिए बीएलओ द्वारा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सत्यापन अभियान चलाते हुए पात्र महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा अपात्र/मृत/स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपजिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए उनका निस्तारण अधिकतम 07 दिवस के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों को लंबित न रखा जाए तथा निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में निर्धारित प्रक्रिया एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में AMF (Assured Minimum Facilities) के संबंध में भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जहां भी कोई कमी पाई जाए, उसे समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति की भी जांच कराने को कहा। विशेष रूप से जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त भवनों का चिन्हांकन कर उनकी स्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित विभाग से समन्वय कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील हैं। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्धता, निष्पक्षता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने बीएलओ को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए।
