रिपोर्ट -आँचल प्रताप सिंह
बरेली।** रामगंगा डैम के पास घूमने गए प्रेमी युगल के साथ तीन-चार युवकों द्वारा अभद्रता और ब्लैकमेलिंग किए जाने का मामला सामने आया है।
युवती का आरोप है कि आरोपितों ने दोनों को जबरन रोककर धमकाया और उनके कपड़े उतरवाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथी को ब्लैकमेल किया जाने लगा। घटना से डरी युवती ने सुभाषनगर थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डैम के पास युवकों ने दोनों को घेरा
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दो अगस्त को अपने परिचित युवक के साथ रामगंगा डैम के पास घूमने गई थी। इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेरकर जबरन रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर धमकाते हुए कपड़े उतरवा दिए। इसके बाद आरोपितों ने उनका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी
युवती के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित उसी वीडियो को दिखाकर उसके साथी को ब्लैकमेल कर रहे हैं। वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर बदनाम करने की धमकी भी दी जा रही है। इससे दोनों मानसिक रूप से परेशान हैं।
बदनामी के डर से नहीं की शिकायत
पीड़िता ने बताया कि बदनामी और वीडियो वायरल होने के डर से उसने शुरुआत में घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। आरोपितों की ओर से कथित ब्लैकमेलिंग जारी रहने और वीडियो सार्वजनिक किए जाने की धमकी मिलने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।
अज्ञात आरोपितों के खिलाफ FIR
युवती की तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस मामले की जांच के साथ ही कथित वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
