रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ को जल्द ही हरियाली और जैव-विविधता से जुड़ी बड़ी सौगात मिलने जा रही है। गोमती नगर में दयाल पैराडाइज चौराहे के पास 25 एकड़ क्षेत्रफल में शहर का पहला गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क को 15 अक्टूबर से आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित कार्य तेजी से पूरा करने और हर हाल में 15 अक्टूबर तक पार्क को नागरिकों के लिए तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रकृति और ईको-टूरिज्म का बनेगा केंद्र
पार्क को सिर्फ मनोरंजन और घूमने की जगह के तौर पर नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण शिक्षा और ईको-टूरिज्म के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। सहारा ग्रुप से वापस ली गई ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बन रहे इस पार्क में बटरफ्लाई गार्डेन, इंसेक्ट पोलिनेशन गार्डेन, नेचर ट्रेल, पाथ-वे, किड्स प्ले एरिया और वॉटर बॉडी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इसके अलावा पार्क में वॉच टावर, बाउंड्रीवॉल, पार्किंग, आकर्षक प्रवेश द्वार और कार्यालय भी बनाया जा रहा है। आगंतुकों के बैठने और आराम करने के लिए विभिन्न स्थानों पर गजीबो और बेंच भी लगाए जाएंगे।
देसी और प्रवासी पक्षियों के लिए बनेगा प्राकृतिक आवास
गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की खासियत यहां विकसित किया जा रहा प्राकृतिक पक्षी आवास होगा। पार्क में देसी और प्रवासी पक्षियों के अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
गोमती नदी के बेसिन में पाई जाने वाली वनस्पतियों की विभिन्न प्रजातियों को भी यहां संरक्षित किया जाएगा। इनमें ऐसी प्रजातियां भी शामिल होंगी, जो वर्तमान में विलुप्त होने के कगार पर हैं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर स्थानीय वनस्पतियों और जैव-विविधता को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
बच्चों और युवाओं के लिए भी उपयोगी होगा पार्क
एलडीए के मुताबिक पार्क के विकास का उद्देश्य राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ लोगों को प्रकृति से जोड़ना भी है। यहां नेचर ट्रेल और विभिन्न जैव-विविधता क्षेत्रों के जरिए बच्चों और युवाओं को पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
आईजीपी में 150 लोगों की क्षमता वाला मीटिंग हॉल
एलडीए उपाध्यक्ष ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) में चल रहे अपग्रेडेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। अर्थ ब्लॉक में 150 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक मीटिंग हॉल विकसित किया जा रहा है। इसे 30 सितंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, सैटर्न ब्लॉक में 600 लोगों की क्षमता वाले मैरिज हॉल का रेनोवेशन कराया जा रहा है। इसे 25 अक्टूबर तक संचालित करने की तैयारी है। बजट होटल का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
होटल हिलटन गार्डेन में फायर सेफ्टी की जांच
विभूति खंड स्थित होटल हिलटन गार्डेन के नए ब्लॉक का भी निरीक्षण किया गया। होटल प्रबंधन की ओर से पूर्णता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था। निरीक्षण के दौरान पार्किंग, फायर एग्जिट, सेटबैक और एसटीपी की स्थिति की जांच की गई।
उपाध्यक्ष ने होटल प्रबंधन को एसटीपी के संचालन से संबंधित दस्तावेज और अग्निशमन विभाग की एनओसी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एलडीए के अधिकारी और अभियंता भी मौजूद रहे।
