Homeउत्तर प्रदेशपत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, दो अंगौछे बरामद

पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, दो अंगौछे बरामद

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

औरैया। बेला थाना क्षेत्र के ग्राम पट्टी ज्ञानी में महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेला थाना पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे दो अंगौछे भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को ग्राम पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके दामाद प्रमोद कुमार ने उनकी 35 वर्षीय बेटी रेखा की अंगौछे से गला घोंटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही बेला पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

तेजराम की तहरीर पर थाना बेला में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना के दौरान मुकदमे में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई।

तिर्वा रोड बॉर्डर से आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब आठ बजे तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भदौरा मोड़ के पास घेराबंदी की गई। यहां से आरोपी प्रमोद कुमार पुत्र रामनारायन, निवासी अचनकापुर, थाना इंदरगढ़, जनपद कन्नौज और हाल निवासी ग्राम पट्टी ज्ञानी, थाना बेला, औरैया को गिरफ्तार कर लिया गया।

जमीन और संपत्ति को लेकर था विवाद

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह वर्ष 2015 में रेखा से हुआ था और उनके तीन बेटे हैं। पुलिस के अनुसार, रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी थी और उसके नाम करीब तीन बीघा जमीन तथा एक प्लॉट था। प्रमोद अपने परिवार के साथ ससुराल में ही रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी को संपत्ति हाथ से निकलने का डर था और उसने जमीन व प्लॉट अपने नाम कराने की कोशिश की थी।

विवाद के बाद हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में प्रमोद ने अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे या परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।

आरोप है कि हत्या के बाद प्रमोद ने घर का दरवाजा बंद किया और अपने ससुर तेजराम के पास पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने घर की चाबी ससुर को सौंप दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे दो अंगौछे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में बेला थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह, प्रभारी सर्विलांस/स्वाट टीम उपनिरीक्षक समित चौधरी, उपनिरीक्षक संदीप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular