Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 5-डे बैंकिंग और PLI में भेदभाव खत्म...

लखनऊ में बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 5-डे बैंकिंग और PLI में भेदभाव खत्म करने की मांग

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को लखनऊ में बैंककर्मी सड़क पर उतरे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान के समर्थन में हजरतगंज स्थित इंडियन बैंक परिसर में बैंक कर्मचारियों ने सभा कर प्रदर्शन किया।

देशव्यापी हड़ताल के चलते सुबह करीब 10 बजे से बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा। लखनऊ में अलग-अलग बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारी इंडियन बैंक परिसर में जुटे और सरकार व बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।

5-डे बैंकिंग लागू करने की मांग

प्रदर्शनकारी बैंककर्मियों ने सप्ताह में पांच दिन बैंक खोलने और शनिवार-रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की। यूनियन नेताओं का कहना है कि दो दिन का साप्ताहिक अवकाश मिलने से कर्मचारियों को बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिल सकेगा। इसका असर कर्मचारियों की कार्यक्षमता पर भी सकारात्मक रूप से पड़ सकता है।

PLI योजना में भेदभाव खत्म करने की मांग

बैंक कर्मचारियों ने Performance Linked Incentive (PLI) योजना में भेदभाव खत्म करने की मांग भी उठाई। सचिन केशरवानी ने कहा कि सभी पात्र बैंक कर्मचारियों को समान अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिए।

सभा में भारतीय पूर्व सैनिक बैंक कर्मचारी संघ समेत विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अध्यक्ष एमएम मौर्य और महामंत्री सीएस अवस्थी ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन को जल्द सकारात्मक फैसला लेना चाहिए।

निजीकरण के विरोध में भी प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मियों ने 5-डे बैंकिंग की मांग के साथ-साथ बैंकों के निजीकरण का भी विरोध किया। कुछ कर्मचारी निजीकरण के विरोध में स्लोगन लिखी टी-शर्ट पहनकर प्रदर्शन करते नजर आए।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी

सभा के बाद बैंक कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। UFBU के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से लंबित मुद्दों का जल्द समाधान करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular