Homeउत्तर प्रदेशकेरलम के पत्रकारों ने समझा यूपी के कानून-व्यवस्था मॉडल

केरलम के पत्रकारों ने समझा यूपी के कानून-व्यवस्था मॉडल

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क, लखनऊ

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में केरलम के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ ‘मीडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और एक-दूसरे की संस्कृति, विकास यात्रा एवं मीडिया कार्यप्रणाली को समझना रहा।

कार्यक्रम में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश व केरलम के बीच आपसी समझ एवं सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक सूचना विशाल सिंह और पीआईबी लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल के दिशा-निर्देशन में हुआ।

पीआईबी लखनऊ के नेतृत्व में केरलम के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों के पत्रकार इन दिनों लखनऊ के दौरे पर हैं। मीडिया संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश की संस्कृति, विकास और शासन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। खास तौर पर पत्रकारों ने यूपी में मजबूत कानून-व्यवस्था के मॉडल को समझा। इस दौरान कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए प्रयासों के साथ सरकार और जनता के बीच संवाद तथा फीडबैक मैकेनिज्म पर भी चर्चा हुई।

वहीं, उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरलम की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के प्रमुख कारणों को समझने में रुचि दिखाई। दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने यहां मीडिया की कार्यप्रणाली और स्थानीय व जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को समाचारों में दी जाने वाली प्राथमिकता पर भी अनुभव साझा किए।

मीडिया संवाद में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के बीच बढ़ते संबंधों पर भी चर्चा हुई। दोनों क्षेत्रों की फिल्म इंडस्ट्री और सिनेमा के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।

कार्यक्रम में पीआईबी केरलम की निदेशक वी. पार्वती और उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्रा समेत एनडीटीवी, इंडिया टीवी, टाइम्स नाउ, मलयाला मनोरमा, केरल कौमुदी, मंगलम, मातृभूमि, द इंडियन एक्सप्रेस और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस सहित विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देना है। केरलम मीडिया प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ दौरा इसी दिशा में दोनों राज्यों के मीडिया के बीच संवाद और अनुभव साझा करने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular