Homeउत्तर प्रदेशबच्चों ने स्कूल की समस्याएं बताईं, तो प्रधानाध्यापक ने अभिभावक के खिलाफ...

बच्चों ने स्कूल की समस्याएं बताईं, तो प्रधानाध्यापक ने अभिभावक के खिलाफ दर्ज कराई FIR

रिपोर्टर — दीपक अवस्थी

औरैया। अजीतमल थाना क्षेत्र के बेरी धनकर ग्राम पंचायत स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों की ओर से स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर बताई गई समस्याओं के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से बच्चों के अभिभावक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि पूरा मामला 18 अगस्त 2026 से शुरू हुआ। कुछ बच्चों ने कैमरे के सामने विद्यालय की सफाई व्यवस्था, स्कूल परिसर में घास और शौचालय से जुड़ी समस्याओं के बारे में अपनी बात रखी। बच्चों के बयान का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामले को लेकर विवाद बढ़ गया।

वीडियो में बच्चों की ओर से स्कूल में सफाई व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया गया। बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे झाड़ू लगाने और परिसर में उगी घास उखाड़ने जैसे काम कराए जाते हैं।

बच्चों के इन बयानों के सामने आने के बाद विद्यालय स्तर पर मामला तूल पकड़ने लगा। इसके बाद प्रधानाध्यापक की ओर से बच्चों के अभिभावक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और मामला एफआईआर तक पहुंच गया।

अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर बच्चों की ओर से लगाए गए आरोपों और अभिभावक के खिलाफ दर्ज एफआईआर, दोनों पहलुओं को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular