रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा के खेरागढ़ थाना क्षेत्र में रेस में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए दो युवकों द्वारा घोड़ों को लगाए जाने वाले स्टेरॉयड का कथित तौर पर इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। इंजेक्शन लगाने के बाद दोनों युवकों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खेरागढ़ लेकर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों ने दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने के उद्देश्य से घोड़ों के लिए इस्तेमाल होने वाला स्टेरॉयड इंजेक्शन लगा लिया था। इंजेक्शन लगाने के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल CHC खेरागढ़ पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने करीब दो घंटे तक दोनों युवकों का उपचार किया। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया, जिसके बाद परिजन दोनों को अपने साथ घर ले गए।
चिकित्सकों ने बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी भी तरह के स्टेरॉयड या इंजेक्शन का इस्तेमाल करने को गंभीर और खतरनाक बताया है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस तरह की दवाओं का गलत तरीके से इस्तेमाल शरीर पर गंभीर असर डाल सकता है।
मामला सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। फिलहाल यह घटना आगरा के थाना खेरागढ़ क्षेत्र की बताई जा रही है
