रिपोर्ट – अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। बेटियों को बोझ समझने वाली सोच के बीच ऐरवा कटरा क्षेत्र के ऊसरपाटी गांव निवासी शंकुर यादव के परिवार ने बेटी के जन्म पर अनूठी मिसाल पेश की।
शंकुर यादव की पत्नी अर्चना ने एक निजी अस्पताल में पुत्री को जन्म दिया। बेटी के जन्म की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

परिजन अर्चना और नवजात बच्ची को अस्पताल से घर लाने पहुंचे तो वाहन को फूल-मालाओं से सजाया गया था। घर पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ नन्ही परी का भव्य स्वागत किया गया। परिवार की ओर से गांव में मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई।
इस मौके पर रामवीर यादव, अंकुर यादव, अमोद कुमार, प्रदीप, ओम प्रकाश यादव, रामपाल यादव, बलवीर सिंह, सुरजीत, सुखबीर, जवाहर सिंह, लक्ष्मी चंद्र, शुभम, मनीषा देवी और मालती यादव सहित बड़ी संख्या में परिजनों ने खुशी जताई।
परिवार के इस कदम की ग्रामीणों ने भी सराहना की। बेटी के जन्म पर धूमधाम से जश्न मनाकर परिवार ने समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया।
