आज देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु घरों और पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बॉलीवुड और टीवी सितारे भी हर साल की तरह इस बार गणपति बप्पा के स्वागत में जुटे हैं। कई सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
जेह ने घर पर बनाई बप्पा की प्रतिमा
करीना कपूर खान और सैफ अली खान के घर हर साल गणपति उत्सव मनाया जाता है। इस बार करीना के छोटे बेटे जेह ने घर पर ही भगवान गणेश की प्रतिमा बनाई। सैफ अली खान ने भी बेटे की मदद की।
करीना कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी झलक साझा करते हुए लिखा, “जेह बाबा ने बनाई है यह प्रतिमा। आप सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामना।”
अक्षय कुमार ने दी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। अक्षय इन दिनों अपनी फिल्म ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में हैं, जो 11 सितंबर को रिलीज हुई है।
कैलाश खेर ने शेयर की गणपति की तस्वीर
सिंगर कैलाश खेर ने भगवान गणपति की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर खड़े अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। पोस्ट के साथ उन्होंने “ॐ गं गणपतये नमः” लिखा।
सुनीता आहूजा ने धूमधाम से किया बप्पा का स्वागत
सुनीता आहूजा ने भी अपने घर गणपति बप्पा का भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच उन्होंने बप्पा की अगवानी की। इस दौरान सुनीता भक्ति में डूबी नजर आईं और पैपराजी के सामने डांस भी किया।
शिल्पा, सलमान और टीवी सितारों ने भी मनाया उत्सव
शिल्पा शेट्टी समेत कई बॉलीवुड सितारों ने भी बप्पा का स्वागत किया। सलमान खान का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह गणपति बप्पा के कान में कुछ कहते नजर आए।
टीवी अभिनेता गुरमीत चौधरी और उनकी पत्नी देबिना बनर्जी अपनी दोनों बेटियों के साथ गणपति दर्शन करते नजर आए। वहीं अंकिता लोखंडे ने भी अपने घर बप्पा का स्वागत किया।
गणेश चतुर्थी का यह उत्सव अगले कई दिनों तक जारी रहेगा और अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ बप्पा को विदाई दी जाएगी।
