Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को...

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों से उनकी शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मामलों का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंचीं। कुछ महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लेकर आई थीं, जबकि कुछ बच्चे कुर्सियों पर बैठे नजर आए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट भी दी।

जमीन से लेकर इलाज तक की समस्याएं लेकर पहुंचे लोग

फरियादियों ने जमीन विवाद, पुलिस और प्रशासन से जुड़ी शिकायतों, अवैध कब्जे, इलाज के लिए आर्थिक मदद समेत अलग-अलग समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने लोगों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों से मामलों की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

गंभीर मामलों की अधिकारी खुद करें निगरानी

सीएम योगी ने कहा कि जिन मामलों में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई संभव है, उनका समाधान वहीं कराया जाए। वहीं, गंभीर मामलों में संबंधित विभाग के अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई पूरी करें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई फरियादी अपनी पुरानी शिकायत लेकर दोबारा जनता दर्शन में न आए। सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को समय पर राहत और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular