Homeउत्तर प्रदेशलोकायुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी, कहा- जनविश्वास...

लोकायुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी, कहा- जनविश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

न्यूज डेस्क, लखनऊ

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित लोक आयुक्त कार्यालय में सोमवार को उत्तर प्रदेश लोक आयुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोक आयुक्त प्रशासन की स्मारिका और सूचना पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक आयुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा ने की।

समारोह के दौरान लोक आयुक्त संगठन की पांच दशक की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें संगठन के गठन से लेकर अब तक की कार्यप्रणाली, शिकायतों की जांच और प्रमुख उपलब्धियों को क्रमवार प्रदर्शित किया गया।

लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है जनविश्वास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत किसी संस्था से जुड़े सामान्यजन का विश्वास है। गुड गवर्नेंस यानी सुशासन भी आमजन के विश्वास पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि किसी संस्था में सामान्य व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी बात लेकर पहुंचे और उसे नियमानुसार समयबद्ध तरीके से परिणाम प्राप्त हो, यही सुशासन की कसौटी है। शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

अनावश्यक शिकायतों पर भी हो कार्रवाई

सीएम योगी ने कहा कि शिकायतों के समाधान के साथ-साथ अनावश्यक रूप से शिकायत करने वालों पर भी शिकंजा कसने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें वास्तविक शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान हो तथा संस्थाओं में जनता का विश्वास और मजबूत हो।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश लोक आयुक्त संगठन भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समारोह में लोक आयुक्त प्रशासन के अधिकारी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular