Homeदेश विदेशPM Modi Birthday: सीएम योगी, अखिलेश और मायावती ने दी पीएम मोदी...

PM Modi Birthday: सीएम योगी, अखिलेश और मायावती ने दी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई

रिपोर्ट -प्रिया बाजपेई शुक्ला

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 76वां जन्मदिन है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत सेवा, जनकल्याण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने खास अंदाज में दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया।

सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा कि ‘Nation First’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा और लोक-कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्पित जीवन ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रेरणा देता है।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े कार्यक्रमों का उल्लेख कर चुके हैं।

अखिलेश यादव ने भी दी शुभकामनाएं

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई और स्वस्थ एवं सक्रिय सार्थक जीवन के लिए शुभकामनाएं।”

मायावती ने स्वस्थ जीवन की कामना की

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को आज उनके 76वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं।”

देशभर में हो रहे विभिन्न कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा और उससे जुड़े संगठनों की ओर से देश के अलग-अलग हिस्सों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सेवा गतिविधियां, स्वच्छता अभियान, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण तथा दीप प्रज्वलन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर और उनकी लोकसभा सीट वाराणसी के बीच बाइक यात्रा भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा और जनसहभागिता से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular