Homeउत्तर प्रदेशबरेली में आंधी-बारिश से बिजली गुल, पेड़-पोल टूटे

बरेली में आंधी-बारिश से बिजली गुल, पेड़-पोल टूटे

रिपोर्ट – अचल प्रताप सिंह

बरेली। बीते सप्ताह रिकॉर्ड बारिश से प्रभावित रहे बरेली में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब नौ बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक चली आंधी-बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके बाद बिजली विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों और पोल को दुरुस्त करने में जुट गईं।

11 हजार वोल्ट की लाइन पर गिरा पेड़, पांच पोल टूटे

आंधी-बारिश का सबसे अधिक असर सुभाषनगर और मढ़ीनाथ क्षेत्र में देखने को मिला। तेज हवा के कारण मढ़ीनाथ उपकेंद्र से निकलने वाली 11 हजार वोल्ट की बंसी नगला लाइन पर पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से लाइन के पांच बिजली के पोल टूट गए। पोल और लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद इससे जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

सुभाषनगर क्षेत्र में भी एचटी लाइन पर पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। अधीक्षण अभियंता शहर दलित कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने से पांच बिजली के पोल टूटे हैं। विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल और लाइन की मरम्मत में लगी हैं। जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

रामपुर रोड से मिनी बाइपास तक पेड़ गिरे

तेज आंधी का असर सिर्फ बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा। रामपुर रोड और किला पुल के पास भी पेड़ गिरने की सूचना मिली। सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। वहीं मिनी बाइपास पर भी पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अचानक हुई तेज बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कत हुई।

ग्रामीण इलाकों में भी नुकसान, धान और गन्ने की फसल गिरी

आंधी का असर बरेली के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई गांवों में पेड़ गिरने की जानकारी सामने आई है। वहीं तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसलें जमीन पर बिछ गईं।

फसल गिरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि लगातार मौसम की मार के बीच तेज हवा से फसल गिरने पर उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं। किसानों ने नुकसान का आकलन किए जाने की भी उम्मीद जताई है।

आधे घंटे बाद साफ हुआ मौसम, निकल आई धूप

करीब आधे घंटे तक तेज आंधी और बारिश के बाद मौसम ने तेजी से करवट ली। बारिश थमने के कुछ ही देर बाद आसमान साफ होने लगा और सुबह करीब साढ़े दस बजे धूप निकल आई।

बरेली में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम सामान्य तौर पर साफ रहने के आसार हैं। धूप तेज होने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular