Homeउत्तर प्रदेशपारिवारिक कलह में महोबा में किसान ने दी जान, कर्ज या फसल...

पारिवारिक कलह में महोबा में किसान ने दी जान, कर्ज या फसल नुकसान का तथ्य नहीं मिला

न्यूज डेस्क, महोबा

महोबा के चरखारी तहसील क्षेत्र के खरेला कस्बे में 52 वर्षीय किसान हरगोविंद पुत्र बिंदा की आत्महत्या के मामले में प्रशासन की जांच में फिलहाल कर्ज या फसल नुकसान को वजह बताए जाने का कोई तथ्य सामने नहीं आया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महोबा ने बताया कि मीडिया में प्रसारित खबरों के बाद मामले की जांच उपजिलाधिकारी चरखारी से कराई गई।

एसडीएम की जांच रिपोर्ट के अनुसार, हरगोविंद के घर में जमीन बेचने के बाद से पारिवारिक विवाद और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी। मृतक के पास करीब 0.423 हेक्टेयर भूमि थी। उसकी खतौनी में किसी प्रकार का कर्ज दर्ज नहीं पाया गया।

जांच के दौरान कुछ ग्रामीणों ने मृतक पर कर्ज होने की बात कही, लेकिन कर्ज किस व्यक्ति या संस्था से लिया गया था, इस संबंध में ग्रामीणों और मृतक के परिजनों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। वहीं, फसल खराब होने या फसल क्षति के कारण आत्महत्या किए जाने का तथ्य भी जांच में सामने नहीं आया।

मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और तीन बालिग बच्चे हैं। प्रशासन के अनुसार मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular