Homeउत्तर प्रदेशबिरुहूनी में 22-23 सितंबर को होगा राज्य स्तरीय दंगल, कई राज्यों के...

बिरुहूनी में 22-23 सितंबर को होगा राज्य स्तरीय दंगल, कई राज्यों के पहलवान दिखाएंगे दमखम

रिपोर्ट – दीपक अवस्थी

अजीतमल (औरैया)। तहसील अजीतमल क्षेत्र के ग्राम बिरुहूनी स्थित शिव मंदिर परिसर में 22 और 23 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, असम, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से महिला और पुरुष पहलवान हिस्सा लेंगे। पहलवान कुश्ती के मुकाबलों में अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजकों के अनुसार दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से कई नामी पहलवानों के पहुंचने की जानकारी दी गई है। इनमें भारत केसरी रामेश्वर पहलवान (हाथरस), ठाकुर अभियानक पहलवान (कानपुर), लाडी बाबा (पंजाब), जावेद गिनी (जम्मू-कश्मीर), देव थापा (नेपाल), मौसम अली (जम्मू), कटप्पा (राजस्थान), अंतरराष्ट्रीय पहलवान विक्रम यादव (फिरोजाबाद), पूनम (हरियाणा), ज्योति (गोरखपुर), अंशु पहलवान (गाजियाबाद) और कोमल पहलवान (हरियाणा) समेत कई पहलवान शामिल हैं।

महिला पहलवानों के मुकाबले भी रहेंगे आकर्षण का केंद्र

दंगल में महिला पहलवानों के बीच होने वाले मुकाबले भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि बाहर से आने वाले पहलवानों को उनके प्रदर्शन के आधार पर नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में लाखों रुपये की कुश्तियां कराए जाने की तैयारी है।

आयोजकों के मुताबिक पिछली बार दंगल में अधिकतम ढाई लाख रुपये की कुश्ती हुई थी। इस बार भी बड़े और रोमांचक मुकाबले कराए जाने की तैयारी है। ऐसे में क्षेत्र के कुश्ती प्रेमियों में आयोजन को लेकर उत्साह बना हुआ है।

ब्लॉक प्रमुख करेंगे उद्घाटन

दंगल का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख अजीतमल रजनीश पाण्डेय द्वारा किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम का समापन पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजकुमार दुबे करेंगे। यह दंगल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पहलवान स्वर्गीय श्री लालसिंह पहलवान बिरुहूनी की स्मृति से भी जुड़ा हुआ है।

तैयारियों में जुटी दंगल कमेटी

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दंगल कमेटी की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष पवन ठाकुर, संरक्षक चन्द्रहास पाण्डेय तथा उपाध्यक्ष रानू भदौरिया (अमित), अध्यापक सहित कमेटी के अन्य सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

आयोजकों ने क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों और कुश्ती प्रेमियों से दंगल में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दर्शकों की मौजूदगी से पहलवानों का उत्साह बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्र में कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल विधा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular