Homeउत्तर प्रदेशमोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, काशी-वडनगर...

मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, काशी-वडनगर के बीच निकली यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रधानमंत्री मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, गरीबी से बाहर निकालने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों का भी उल्लेख होगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी और वडनगर को जोड़ने वाली यह यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि और कर्मभूमि को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने काशी और वडनगर के करीब दो हजार साल पुराने संबंध का भी उल्लेख किया।

2014 से पहले अवसर गंवाने का लगाया आरोप

रक्षा मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 से पहले देश के सामने आए कई अवसर हाथ से निकल गए। उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भारत में इस क्षेत्र में निवेश के अवसरों का लाभ नहीं उठाया गया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका मजबूत हुई है। उनके अनुसार, आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है।

काशी-वडनगर के बीच 500-500 यात्रियों की बाइक यात्रा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर के लिए रवाना हुए हैं। इसी तरह वडनगर से 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी की ओर आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा और काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा पूरी होगी।

पंकज चौधरी के मुताबिक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले भी इसके मार्ग में शामिल हैं। यात्रा के दौरान प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा।

चिराग पासवान और चंद्रबाबू नायडू ने भी रखे विचार

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सम्मान और गौरव से जोड़कर अपनी बात रखी।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी की धरती पर आने को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि देश की मजबूती के लिए किसानों और युवाओं की प्रगति जरूरी है। उन्होंने तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों का उल्लेख किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular